खैरागढ़/-जिला मुख्यालय के एकमात्र बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय की बदहाल स्थिति को लेकर रविवार 22 फरवरी को शहर कांग्रेस कमेटी ने आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रतीक्षालय परिसर में फैली भारी गंदगी, शराब की खाली बोतलें, पानी के पाउच, गांजा सेवन की सामग्री और मवेशियों का डेरा देख कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पाया कि प्रतीक्षालय में नियमित साफ-सफाई का पूर्णतः अभाव है।

कमरों के भीतर और बाहर दर्जनों खाली शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। कई स्थानों पर गोबर और कचरे का ढेर जमा था। यात्रियों के बैठने के लिए लगाई गई कुर्सियां टूटी हुई मिलीं, वहीं पीने के स्वच्छ पानी की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने मौके पर ही नगर पालिका के स्वच्छता प्रभारी को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया और तीन दिनों के भीतर संपूर्ण साफ-सफाई एवं व्यवस्था सुधार की मांग की। चेतावनी दी गई कि निर्धारित समय सीमा में सुधार नहीं होने पर आमरण अनशन किया जाएगा।

डॉ. अरुण भारद्वाज ने कहा कि यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के उद्देश्य से बनाए गए प्रतीक्षालय की इस प्रकार उपेक्षा प्रशासनिक उदासीनता का स्पष्ट प्रमाण है।
उन्होंने नगर पालिका पर शहर के बुनियादी ढांचे के रखरखाव में विफल रहने का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस प्रशासन की पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सार्वजनिक और संवेदनशील स्थल पर खुलेआम शराबखोरी और नशाखोरी होना चिंताजनक है।
विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने भी नगर पालिका और पुलिस प्रशासन पर मौन सहमति का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शासकीय परिसरों में इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही हैं, जिससे शहर का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। कांग्रेस कमेटी ने नगर पालिका कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए बस स्टैंड पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन तीन दिन की चेतावनी के बाद क्या ठोस कदम उठाता है या मामला आंदोलन की ओर बढ़ेगा।
निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, यतेंद्रजित सिंह, पुरन सारथी, शेखर दास वैष्णव, भरत चंद्राकर, सूर्यकांत यादव, नदीम मेमन, मोहित भांडेकर, महेश यादव, मनोहर सेन, रानू खान, रघुनाथ यादव और सिद्धांत सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

