खैरागढ़ अपडेट – खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त फल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देश तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत जिलेभर में फल विक्रेताओं और खाद्य व्यवसाय संचालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के नेतृत्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे की टीम द्वारा तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर विभिन्न बाजारों और फल प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के पहले दिन 27 मई को नया बस स्टैंड छुईखदान क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान लगभग 20 किलो सड़े-गले आम, 5 दर्जन केले तथा पपीता और अंगूर नष्ट कराए गए। वहीं एक गन्ना जूस सेंटर में गंभीर स्वच्छता संबंधी अनियमितताएं मिलने पर सुधार होने तक प्रतिष्ठान को बंद करा दिया गया।
दूसरे दिन 28 मई को इतवारी बाजार और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में जांच के दौरान 15 किलो सड़े-गले आम, 20 दर्जन केले और 3 तरबूज नष्ट कराए गए।
तीसरे दिन गंडई तहसील के वार्ड क्रमांक 7 स्थित खंडेलवाल फल भंडार में छापेमार कार्रवाई की गई। जांच में पाया गया कि बिना खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन के बड़ी मात्रा में फलों को हानिकारक केमिकल से पकाने के लिए भंडारित किया गया था। मौके से गोल्डन टच एथिलीन रिपनर, टैग पूरन 3G, टैगपान लिक्विड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई। विभागीय अधिकारियों ने कच्चे आम और केले के नमूने जांच के लिए लिए तथा अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए 60 कैरेट केले जब्त किए। जब्त फलों की अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
निरीक्षण के दौरान सभी व्यापारियों को स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य लाइसेंस एवं पंजीयन अद्यतन रखने तथा केवल ताजे और गुणवत्तायुक्त फलों की बिक्री करने के निर्देश दिए गए। विभाग द्वारा फलों को कृत्रिम रूप से पकाने में उपयोग किए जाने वाले रसायनों और रंगों की भी जांच की जा रही है।
अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे ने कहा कि आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से भी खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी शिकायत की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।


