खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक–KCG जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (टीएल) बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों, एग्री स्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन, जन शिकायतों के निराकरण और विकास कार्यों की प्रगति को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा में जिम्मेदारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह स्थल की साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

बैठक में एग्री स्टेक पोर्टल में किसानों के पंजीयन की तहसीलवार समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले के पात्र किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पहल किसानों का डिजिटल डाटाबेस तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाकर किसानों को पंजीयन के लिए प्रेरित किया जाए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री जनदर्शन, जन शिकायतों, राजस्व प्रकरणों और विभिन्न विभागों के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को आम जनता से जुड़े मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक के अंत में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

