खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक–खैरागढ़ KCG जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस ने 'समाधान' ऐप के माध्यम से किरायेदार सत्यापन अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत मकान मालिकों, दुकानदारों, कार्यालय संचालकों और अन्य परिसर मालिकों से अपने यहां रहने वाले सभी किरायेदारों की जानकारी समाधान ऐप पर दर्ज कराकर सत्यापन कराने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि किरायेदारों का सत्यापन अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान करने, चोरी, लूट सहित अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि बाहरी फेरीवालों, सामान बेचने वाले व्यक्तियों तथा बाहर से आकर किराए पर रहकर व्यवसाय करने वालों की जानकारी भी पुलिस को अवश्य दें। पुलिस के अनुसार कई मामलों में पहचान और सत्यापन के अभाव में आपराधिक घटनाएं सामने आती हैं।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा अपने किरायेदारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की है।


