खैरागढ़ अपडेट –खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG)। जिले में “सही दवा, शुद्ध आहार” अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, मिठाई दुकान, किराना और मेडिकल स्टोर्स में सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच हेतु राज्य प्रयोगशाला भेजे गए।
अभियान के तहत 1 मई 2026 को बाजार अतरिया स्थित वर्मा बेकर्स से रंगीन गोलियां, कोल्ड ड्रिंक वाटर और नमकीन के नमूने लिए गए। वहीं 6 मई को छुईखदान के कृष्णा बेकर्स से कोकोनट वाटर, कुरकुरे और टोस्ट के सैंपल जब्त किए गए। इसके अलावा 8 मई को नंदना डेयरी से भी खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए।
जांच टीम ने व्यापारियों को खाद्य पदार्थों में प्रतिबंधित रंगों का उपयोग नहीं करने, तय मानकों का पालन करने और साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। कई दुकानों में खाद्य पंजीयन एवं लाइसेंस नहीं पाए जाने पर तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए गए। अब तक करीब 50 आवेदन विभाग को प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 10 खाद्य पंजीयन जारी किए जा चुके हैं।
कार्रवाई के दौरान कुल 14 खाद्य नमूने और 4 विधिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं औषधि शाखा द्वारा मेडिकल स्टोर्स की जांच कर दवा एवं कॉस्मेटिक विक्रय रिकॉर्ड भी खंगाले गए।
सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू उत्पाद बेचने वाले 13 दुकानदारों पर कोटपा एक्ट 2003 के तहत कार्रवाई करते हुए कुल ₹1300 का जुर्माना वसूला गया।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जांचने की अपील की है।

