खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक–प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद अब तक आवास नहीं मिलने से परेशान मजदूर परिवारो ने जिला प्रशासन से न्याय की मांग की है। ग्राम पंचायत पवनतरा के निवासी आवेदकों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर बताया कि वे रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में उनका नाम शामिल होने के बावजूद उन्हें अब तक पक्का मकान नहीं मिल पाया है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि परिवार के पांच सदस्य वर्तमान में कच्चे एवं जर्जर मकान में रहने को मजबूर हैं। बरसात के दिनों में मकान की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आवेदकों का कहना है कि ग्राम पंचायत में कई बार आवेदन और निवेदन करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

परिवार ने यह भी बताया कि उनके घर में कुल 11 सदस्य हैं और रहने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे स्वयं मकान निर्माण कराने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने जिला कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कार्रवाई करेगा, ताकि उन्हें भी सुरक्षित और स्थायी आवास मिल सके।
क्या है मुख्य बिंदु
प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में नाम होने का दावा।
मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं आवेदक।
जर्जर एवं कच्चे मकान में रहने को मजबूर परिवार।
ग्राम पंचायत में कई बार आवेदन के बावजूद नहीं हुआ समाधान।
कलेक्टर से आवास स्वीकृत कर लाभ दिलाने की मांग।


