खैरागढ़ अपडेट–युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” अभियान के तहत आज 24 जुलाई 2026 को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताएं आईएसकेवी परिसर-2, खैरागढ़ में आयोजित होंगी, जिसमें जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा व्यक्तिगत अथवा समूह के रूप में भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। आयोजन के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक संदेश देने का अवसर मिलेगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में लोकगीत (संगीत), नृत्य, नुक्कड़ नाटक/माइम एक्ट, वाद-विवाद एवं एलोक्यूशन, शॉर्ट फिल्म/रील निर्माण, स्लोगन लेखन तथा स्पीच पोएट्री जैसी विधाएं शामिल हैं। सभी प्रतियोगिताओं का विषय नशा मुक्ति, जागरूकता और विकसित भारत के निर्माण से संबंधित रहेगा।

आयोजकों के अनुसार प्रतिभागियों को MY Bharat पोर्टल पर पंजीयन कर आवेदन करना होगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

जिला प्रशासन एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से प्रतियोगिता में भाग लेकर नशा मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने की अपील की है। आयोजन का संदेश है— “युवा जागरूक, भारत मजबूत; नशा त्यागें, भविष्य संवारें।”


