खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक–भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले के लिए महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। जारी आदेश के अनुसार समाजसेवी भागवत शरण सिंह को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स जिला संघ, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई का जिला मुख्य आयुक्त नियुक्त किया गया है।

राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा द्वारा 3 जून 2026 को जारी आदेश में बताया गया है कि यह नियुक्ति भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के नियमों के तहत की गई है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।

भागवत शरण सिंह की नियुक्ति से जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वे सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं तथा युवाओं के व्यक्तित्व विकास और समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान है।

नियुक्ति के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों, शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।

