खैरागढ़ अपडेट–ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत KCG पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 'शिवा बुक' नामक ऑनलाइन गेमिंग एवं सट्टा एप्लिकेशन के मुख्य संचालक तरुण वर्मा (36) को रायपुर जिले के तिल्दा से गिरफ्तार किया है। मामले में इससे पहले ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के मास्टरमाइंड सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी तरुण वर्मा ने राहुल देवांगन को 'शिवा बुक' का ऑनलाइन पैनल उपलब्ध कराया था और पूरे कारोबार के बदले 10 प्रतिशत कमीशन लेता था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे विभिन्न यूपीआई खातों के माध्यम से अब तक करीब 8 से 10 लाख रुपये कमीशन के रूप में प्राप्त हुए हैं।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि राहुल देवांगन वर्ष 2021 से मुंबई के पलावा सिटी स्थित फ्लैट से ऑनलाइन गैंबलिंग नेटवर्क संचालित कर रहा था। करीब छह महीने पहले वह छत्तीसगढ़ लौटकर 'शिवा बुक' और 'जयराम बुक' नामक ऑनलाइन सट्टा पैनलों का संचालन कर रहा था।

ये सभी सामग्री जब्त
गिरफ्तारी से बचने के लिए तरुण वर्मा ने ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन नष्ट कर दिया था, लेकिन पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन, HP कंपनी का लैपटॉप, एसबीआई की पासबुक, क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड तथा इंडसइंड बैंक का एटीएम कार्ड जब्त किया। लैपटॉप की जांच में ऑनलाइन गैंबलिंग से जुड़े महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस की अपील
KCG पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन गैंबलिंग और सट्टेबाजी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें। यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

