खैरागढ़ अपडेट –KCG जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में बैंक लोन के विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भिलाई से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को ग्राम मुंदगांव निवासी कुन्ती बाई बघेल ने थाना ठेलकाडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके दामाद तारण चतुर्वेदी ने 16 जुलाई को अपनी पत्नी सुरूज बाई चतुर्वेदी के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है।

घायल पत्नी की मौत
घायल महिला को इलाज के लिए दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था।इलाज के दौरान सुरूज बाई की मौत हो जाने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच में हत्या की पुष्टि होने के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) जोड़ी गई और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई।पुलिस टीम ने स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला के सहयोग से भिलाई में आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी तारण चतुर्वेदी (28 वर्ष), निवासी ग्राम फत्तेपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला केसीजी को सूर्या मॉल के पास एक होटल से गिरफ्तार किया गया।

आरोपी ने स्वीकारा जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि बैंक से लिए गए ऋण को चुकाने को लेकर उसकी पत्नी प्रतिदिन विवाद करती थी और इसी तनाव में उसने फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी।आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा, घटना के समय पहनी बनियान और बरमूडा बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 103(1) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

