K खुमेश रजक/खैरागढ़ अपडेट–छत्तीसगढ़ में भारतीय युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आज रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।

घोषणा के मुताबिक, 29 मई से 13 जून तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। चुनाव को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रदेश को 5 जोन में बांटकर ZRO नियुक्त किए जाएंगे।
ब्लॉक और जिला स्तर पर होंगे चुनाव
ब्लॉक एवं जिला कमेटियों के लिए नामांकन 29 मई से 13 जून तक भरे जाएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से एक साथ संचालित की जाएगी।

सदस्यता के लिए तय किए गए नियम
युवा कांग्रेस में सदस्यता लेने और चुनाव लड़ने के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। सदस्यता एवं शिकायत की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।फर्जी सदस्यता पर रोक लगाने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। इसके साथ ही आवेदक को आवेदन के साथ 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना होगा, जिसमें वह स्वयं आवेदन संबंधी जानकारी देगा।आयु प्रमाण के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या अन्य वैध आईडी प्रूफ जरूरी होंगे।

KCG जिले में बढ़ी सियासी हलचल
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही KCG जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। लंबे समय से कांग्रेस संगठन, युवा कांग्रेस और NSUI से जुड़े युवा नेता व कार्यकर्ता इस चुनाव का इंतजार कर रहे थे। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही जिलेभर में संभावित दावेदार सक्रिय नजर आने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, जिले के बड़े कांग्रेस नेता और जनप्रतिनिधि अपने-अपने पसंदीदा युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। वहीं कुछ बाहरी प्रभावशाली नेताओं की भी जिले की राजनीति में सक्रियता बढ़ गई है, जो अपने करीबी युवा चेहरों को संगठन में आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटे हैं।
नगर पालिका चुनाव से भी जुड़ा है समीकरण
खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव इसी वर्ष नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित है। ऐसे में युवा कांग्रेस का यह चुनाव राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नगर पालिका चुनाव में प्रचार-प्रसार, बूथ प्रबंधन और संगठन संचालन में युवा कांग्रेस की टीम की अहम भूमिका रहती है।इसी को देखते हुए कांग्रेस संगठन भी चाहता है कि KCG जिले में ऐसा युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष चुना जाए, जो मजबूत संगठन क्षमता रखने वाला, सक्रिय और राजनीतिक रूप से प्रभावी चेहरा हो।
KCG जिले में दावेदारों पर टिकी नजरें
फिलहाल संगठनात्मक चुनाव की तारीखों की घोषणा हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में जिले की राजनीति और गर्माने के संकेत मिल रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि युवा कांग्रेस के इस चुनाव में कितने दावेदार मैदान में उतरते हैं और आखिरकार KCG जिले की युवा राजनीति की कमान किस युवा नेता के हाथों में जाती है।

एक व्यक्ति-एक पद का नियम लागू
चुनाव प्रक्रिया में “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम भी लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार केवल एक ही पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकेगा। नामांकन दाखिल करते ही संबंधित व्यक्ति को उसके पुराने पद से मुक्त माना जाएगा।
दिल्ली में इंटरव्यू के बाद होगी नियुक्ति
युवा कांग्रेस में जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका रहेगी। इन पदों के लिए दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा।

