खैरागढ़ अपडेट–सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को सुनिश्चित करने के लिए केसीजी पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 1 जून से 10 जून 2026 के बीच यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने, तीन सवारी से बचने तथा वाहन संबंधी सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने की समझाइश दी।अभियान के दौरान मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 192 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए ₹63,100 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। कार्रवाई में सबसे अधिक मामले बिना नंबर प्लेट और तीन सवारी के पाए गए।

यातायात कार्रवाई का विवरण
बिना नंबर प्लेट वाहन – 47 प्रकरण
तीन सवारी – 44 प्रकरण
बिना हेलमेट – 8 प्रकरण
बिना सीट बेल्ट – 14 प्रकरण
मालवाहक वाहन में सवारी बैठाना – 3 प्रकरण
शराब पीकर वाहन चलाना – 5 प्रकरण
प्रेशर हॉर्न का उपयोग – 20 प्रकरण
नाबालिग द्वारा वाहन संचालन – 1 प्रकरण
काला शीशा – 1 प्रकरण
मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाना – 1 प्रकरण
अन्य धाराएं – 48 प्रकरण

पुलिस के अनुसार शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। वहीं प्रकरणों के निराकरण के बाद उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को भी प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं। मालवाहक वाहनों में सवारी ढोने वाले चालकों के खिलाफ भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी है।

केसीजी पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।


