बॉर्डर पर बड़ा नक्सली डंप बरामद, 800 डेटोनेटर समेत भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

खैरागढ़ अपडेट –बस्तर संभाग को नक्सलमुक्त बनाने की दिशा में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है। कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया बड़ा डंप बरामद किया है। कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक सामग्री, डेटोनेटर और नक्सली उपयोग के सामान जब्त किए गए हैं। जानकारी के अनुसार, कांकेर-नारायणपुर सीमा के ग्राम पल्लाहूर और जपमरका के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों की टीम को जमीन के नीचे छिपाया गया नक्सली डंप मिला।

बरामद सामग्री में 1 कंट्रीमेड BGL लांचर, 25 BGL सेल, 4 इम्प्रोवाइज्ड फायर कार्टिज, AK-47 का खाली कार्टिज, 5 किलो गन पाउडर, 10 बड़े सुतली बम, 3 नक्सली वर्दी, सोलर चार्जर, वायर, मेडिकल किट और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री शामिल है।वहीं छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के मरकाबेड़ा, आदनार और एलूर के जंगलों में चलाए गए अलग सर्चिंग अभियान में भी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। संयुक्त टीम ने यहां से 3 नग 12 बोर रायफल, 1 BGL लांचर, 6 BGL सेल, 800 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर और 200 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर जब्त किए।

इस कार्रवाई में डीआरजी कांकेर, डीआरजी नारायणपुर, बीएसएफ और बीडीएस टीम के जवान शामिल रहे। अभियान का नेतृत्व डीआरजी कांकेर के उप निरीक्षक विजय कुलदीप, डीआरजी नारायणपुर के सहायक उपनिरीक्षक नरेंद्र ठाकुर और बीएसएफ कमांडर रोहिताश ने किया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों की सतत कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हो रहा है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।

