K खैरागढ़ अपडेट –छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पीए बनकर ठगी किए जाने का मामला सामने आया। आरोपी ने फोन पर खुद को नितिन नवीन का निजी सहायक बताते हुए डीजल भरवाने के नाम पर तत्काल पैसों की जरूरत बताई और झांसे में लेकर रकम ट्रांसफर करवा ली।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन कर विश्वास में लिया और तत्काल मदद की बात कही। इसके बाद जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के माध्यम से आरोपी के खाते में दो अलग-अलग बार में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। बाद में मामले की सच्चाई सामने आने पर ठगी का खुलासा हुआ।

घटना के बाद सेवक नारायण मिश्रा की शिकायत पर खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

उन्होंने कहा कि पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक लूट की घटना का शिकार हुए और अब भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ ठगी हो गई। सुशील शुक्ला ने तंज कसते हुए कहा कि जो विधायक स्वयं अधिवक्ता और इनकम टैक्स सलाहकार हैं, उनके साथ भी साइबर ठगी हो रही है, तो आम जनता कितनी सुरक्षित है इसका अंदाजा लगाया जा सकता हैकांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा शासन के दौरान रसूखदार लोगों के नाम पर उगाही और ठगी का खेल बढ़ता जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपी तक पहुंचने का दावा कर रही है।

