फूलमती वर्मा बनीं नगर पंचायत अध्यक्ष, भाजपा की किरण वर्मा को 85 मतों से हराया

घुमका–नवगठित नगर पंचायत घुमका के चुनाव परिणाम में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। कांग्रेस प्रत्याशी फूलमती जयकुमार वर्मा ने भाजपा प्रत्याशी किरण वर्मा को 85 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद हासिल किया। इस जीत के साथ घुमका नगर पंचायत में कांग्रेस समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है।

मतगणना पूरी होने के बाद फूलमती वर्मा के समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की। चुनाव परिणाम को स्थानीय जनता द्वारा विकास और जनसरोकारों के पक्ष में दिए गए जनादेश के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि नगर पंचायत घुमका के अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की फूलमती वर्मा, भाजपा की किरण वर्मा और आम आदमी पार्टी की अलिशा जोशी के बीच मुकाबला था। चुनाव प्रचार के दौरान सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी थी, लेकिन अंतिम मुकाबले में कांग्रेस प्रत्याशी ने बाजी मार ली।

जीत के बाद फूलमती वर्मा ने नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। वहीं भाजपा खेमे में हार के बाद समीक्षा का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार घुमका नगर पंचायत का यह परिणाम क्षेत्रीय राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है और आने वाले समय में इसका असर स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर भी देखने को मिल सकता है।

