खुमेश रजक/खैरागढ़ अपडेट–KCG जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन का स्टॉक सामान्य स्थिति में उपलब्ध है। इसी को लेकर खाद्य विभाग, पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा जिले के पेट्रोल पंप संचालकों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के सभी प्रमुख पेट्रोल पंप संचालकों से वर्तमान स्टॉक की जानकारी ली गई। जानकारी के अनुसार जिले में HPCL के 15, IOCL के 6 तथा BPCL के 12 पेट्रोल पंप संचालित हैं। वर्तमान में जिले में एक्स्ट्रा प्रीमियम पेट्रोल 9,100 लीटर, पेट्रोल 1,50,996 लीटर तथा डीजल 1,26,959 लीटर उपलब्ध होना बताया गया।
पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों में फैल रही भ्रामक खबरों एवं अफवाहों के कारण कुछ पंपों में डीजल की बिक्री अचानक बढ़ गई है। जिले के 9 पेट्रोल पंपों में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक बिक्री होने से स्टॉक अपेक्षाकृत कम हुआ है। हालांकि संबंधित संचालकों द्वारा तेल कंपनियों को अतिरिक्त डिमांड भेज दी गई है और जल्द ही नई आपूर्ति पहुंचने की बात कही गई है।
बैठक में प्रशासन द्वारा BPCL, IOCL और HPCL के सेल्स ऑफिसर्स से संपर्क कर जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
साथ ही आम नागरिकों से अनावश्यक स्टॉकिंग नहीं करने, वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाने और वाहनों में हवा का दबाव सही रखने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने अफवाहों पर नियंत्रण एवं भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस कंट्रोल रूम का टोल फ्री नंबर 9479247401 भी जारी किया है, ताकि किसी भी प्रकार की गलत जानकारी या अफवाह की स्थिति में तुरंत संपर्क किया जा सके।

