K खैरागढ़ अपडेट/खुमेश रजक–खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को लेकर चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के तहत बुधवार 27 मई 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग ने छुईखदान के नया बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। अभिहित अधिकारी श्री सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक घृतलहरे द्वारा विभिन्न फल विक्रेता प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में अस्वच्छ वातावरण और सड़े-गले फल पाए गए। विभागीय टीम ने मौके पर ही लगभग 20 किलो खराब आम, 5 दर्जन केले, पपीता एवं अंगूर को नष्ट करवाया। कार्रवाई के दौरान विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने और ताजे फल बेचने के निर्देश दिए गए।
जूस सेंटर को करवाया गया बंद
वहीं नया बस स्टैंड छुईखदान स्थित एक गन्ना जूस सेंटर में गंदगी तथा खुले में रखी बर्फ मिलने पर विभाग ने तत्काल विक्रय पर रोक लगाते हुए सेंटर को बंद करवा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक सुधार और स्वच्छता व्यवस्था पूरी होने तक दुकान संचालित नहीं की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों को खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन अद्यतन रखने, स्वच्छ वातावरण में खाद्य सामग्री बेचने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी है।


